
जिला परिषद सभागार में जिला कलेक्टर गौरव अग्रवाल, एडीएम प्रशासन दीपेंद्र सिंह राठौड़ और एडीएम सिटी जितेंद्र ओझा की उपस्थिति में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के समक्ष आरक्षण की लॉटरी निकाली गई। एडीएम सिटी जितेंद्र ओझा ने बताया कि उदयपुर जिला प्रमुख का पद इस बार अनारक्षित ओपन रखा गया है, जो पिछले कार्यकाल में अनारक्षित महिला के लिए आरक्षित था। जारी लॉटरी के अनुसार, बड़गांव सीट अनारक्षित ओपन, घासा सीट अनुसूचित जाति (SC ओपन) तथा भींडर, वल्लभनगर और मावली पंचायत समितियां अनारक्षित महिला वर्ग के लिए आरक्षित हुई हैं। इसके अलावा जनजातीय बाहुल्य क्षेत्रों की बात करें तो नाई, झाड़ोल, फलासिया, ओगणा, देवला, ऋषभदेव और कल्याणपुर पंचायत समितियों में एसटी महिला प्रधान बनेंगी। वहीं कुराबड़, गिर्वा, कोटड़ा, सुलाव, गोगुंदा, सायरा, खेरवाड़ा और नयागांव सीटें एसटी ओपन वर्ग के लिए तय की गई हैं। प्रशासनिक अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जिला स्तर पर लॉटरी प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब 24 सितंबर को उपखंड स्तर पर सरपंच और वार्ड पंच के पदों के लिए आरक्षण की लॉटरी निकाली जाएगी।
21 Sept 2026